जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालसोला गांव से लापता हुआ 16 वर्षीय किशोर पुलिस की तत्परता से सकुशल अपने घर लौट आया. किशोर के लापता होने के बाद परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. साथ ही, अज्ञात मोबाइल नंबरों से पैसे की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी. हालांकि, पुलिस की जांच में अपहरण की आशंका गलत साबित हुई.


पुलिस के अनुसार, रोशन जमीर अंसारी 28 अगस्त को माता-पिता की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गया था. वह पटना पहुंच गया. वहां स्टेशन के बाहर भूख लगने पर उसने एक दुकान से खाना खाया. भोजन का भुगतान करते समय उसने दुकान पर लगे यूपीआई स्कैनर की तस्वीर अपने मौसा के मोबाइल नंबर पर भेज दी.
इसके बाद किशोर ने उसी यूपीआई स्कैनर के माध्यम से कई बार 100 से 200 रुपये तक मंगवाए. रुपये के लेन-देन की जानकारी के आधार पर पुलिस को उसके पटना में होने का सुराग मिला. इसके बाद मिहिजाम पुलिस ने संबंधित दुकानदार के मोबाइल नंबर पर लगातार संपर्क किया और किशोर से बातचीत स्थापित की.
पुलिस ने किशोर को समझाया और उसे सुरक्षित घर लौटने के लिए प्रेरित किया. पुलिस के लगातार प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया और किशोर सकुशल मिहिजाम स्थित अपने घर लौट आया. किशोर के घर पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
पुलिस की जांच के बाद थाना में दर्ज सनहा में जताई गई अपहरण की आशंका भी गलत साबित हुई. तकनीकी माध्यम से किशोर की लोकेशन तक पहुंचने और उसे सकुशल घर वापस लाने में पुलिस की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

