सरायकेला: झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है. आदित्यपुर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विपुल सन्नी को सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी.

जानकारी के अनुसार, सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद उन्हें पद से हटाया गया था. इसके बाद सरकार ने प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए विपुल सन्नी को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है.
सरकार के उप सचिव राज कुमार द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि विपुल सन्नी अपने वर्तमान पद के साथ-साथ सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में भी कार्य करेंगे. इस फैसले के बाद नगर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
नगर क्षेत्र में लंबे समय से बिजली, पानी, सफाई, जल निकासी और विकास योजनाओं को लेकर लोगों की शिकायतें सामने आती रही हैं. ऐसे में अब स्थानीय लोगों की नजरें नए प्रभारी की कार्यशैली पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि प्रशासनिक अनुभव के आधार पर विपुल सन्नी नगर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठा सकते हैं.
सरायकेला नगर पंचायत में नए अतिरिक्त प्रभार की खबर सामने आते ही स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा तेज हो गई है. लोगों को उम्मीद है कि रुकी हुई विकास योजनाओं को गति मिलेगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



