जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वाला पट्टी निवासी 52 वर्षीय उमा यादव पिछले चार दिनों से लापता हैं. परिजनों ने उनकी गुमशुदगी को लेकर बागबेड़ा थाना में आवेदन देकर पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई है.

परिवार के अनुसार, उमा यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और 23 तारीख की सुबह करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच घर से निकले थे. इसके बाद से अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है. परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के कई इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
लापता बुजुर्ग के पुत्र विकास यादव ने बताया कि उनके पिता का रंग गोरा है और लंबाई करीब 6 फीट है. घर से निकलते समय उन्होंने सफेद रंग की गंजी, लूंगी और लाल रंग की गमछी पहन रखी थी.
परिवार का कहना है कि उमा यादव के अचानक लापता होने से घर में चिंता और तनाव का माहौल है. सभी लोग काफी परेशान हैं और लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं.
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उमा यादव कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 7070066441 पर संपर्क करें, ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके. इधर, बागबेड़ा थाना पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता बुजुर्ग की तलाश में जुट गई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



