
सरायकेला: जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी 21 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी को लेकर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है. महिला का आरोप है कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद आदित्यपुर थाना पुलिस उसकी बेटी का पता लगाने में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है.


जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के दुगरडीह गांव निवासी बुद्धि देवी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर बताया है कि उनकी पुत्री गायत्री रूई दास 15 मार्च को आदित्यपुर में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. उसने परिजनों से कहा था कि वह अपने मालिक के घर से कपड़े लेने जा रही है, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी.
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन गायत्री का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मामले की सूचना आदित्यपुर थाना को दी गई. पीड़िता की मां का कहना है कि उन्होंने उस व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया, जिसके यहां उनकी बेटी काम करती थी. बावजूद इसके अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई.
बुद्धि देवी ने आरोप लगाया कि पुलिस की उदासीनता के कारण परिवार लगातार मानसिक पीड़ा झेल रहा है. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर आदित्यपुर थाना को आवश्यक निर्देश देने और उनकी बेटी की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की है.
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. अब सभी की निगाहें पुलिस अधीक्षक के स्तर पर होने वाली कार्रवाई और युवती की तलाश पर टिकी हैं.
प्रमोद सिंह
संपादक






