कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत होटल शिवा के समीप बुधवार को स्पंज आयरन लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा.



जानकारी के अनुसार ट्रेलर संख्या HR58F8024 रुंगटा माइंस से स्पंज आयरन लेकर पंजाब के गोबिंदगढ़ जा रहा था. इसी दौरान होटल शिवा के पास वाहन असंतुलित होकर पलट गया.
चालक ने बताया कि अचानक सामने आ गई एक बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई. वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि चालक नशे की हालत में था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की तथा पलटे हुए ट्रेलर को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.





