
सरायकेला: अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जिला प्रशासन की पहल पर प्रखंड स्तर पर लगाए जा रहे शिक्षार्थी ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं. बुधवार को चांडिल प्रखंड के पंचायत भवन में आयोजित शिविर में 44 पंजीकृत अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिसमें 22 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल रहे. 8 अभ्यर्थी परीक्षा पास नहीं कर सके, जबकि 15 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित शिविर का संचालन मोटरयान निरीक्षक दिलीप प्रसाद और रवि कुमार ने किया. शिविर में चांडिल, रुचाप, रसुनिया, आसनबनी, रूदिया, भादुडीह, चिलगु और तामोलिया पंचायत के पूर्व निर्धारित समय लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, ऑनलाइन प्रक्रिया और परीक्षा पूरी कराई गई.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग की सेवाओं को लोगों के घर के नजदीक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं. इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा अधिक से अधिक लोग वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा पंचायत भवन में अगला शिविर आयोजित होगा. इसमें पातकुम, गौरांगकोचा, मैसाड़ा, चिमटिया, बांदू, गुड़ड़ी और लेपाटांड़ पंचायत के पूर्व निर्धारित अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जिला परिवहन कार्यालय ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होने की अपील की है.
प्रमोद सिंह
संपादक






