चतरा: नवरात्र और दशहरा से पहले चतरा में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग और वशिष्टनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने झारखंड-बिहार सीमा से सटे वशिष्टनगर थाना क्षेत्र के औरवा- होसिल जंगल में छापेमारी कर कथित अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है.


कार्रवाई के दौरान 391 पेटी बोतलबंद शराब समेत बड़ी मात्रा में स्पिरिट, तैयार रंगीन शराब, कैरेमल, विभिन्न ब्रांडों के लेबल, होलोग्राम, ढक्कन और बोतलों की पंचिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं. उत्पाद विभाग ने बरामद शराब और सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई है.
*स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर तैयार होती थी शराब*
उत्पाद अधीक्षक प्रेम प्रकाश उरांव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिलीप यादव उर्फ करण यादव के घर में अवैध तरीके से विदेशी शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई.
उत्पाद विभाग के मुताबिक मौके पर स्पिरिट में कैरेमल और एसेंस मिलाकर कथित नकली शराब तैयार करने की व्यवस्था मिली. इसके बाद इसे Royal Stag, Royal Challenge और Iconiq White जैसे ब्रांडों की बोतलों में भरकर कथित नकली लेबल और होलोग्राम लगाए जाते थे. विभाग का दावा है कि तैयार शराब को त्योहारों के दौरान बिहार समेत अन्य स्थानों पर खपाने की तैयारी थी.
9,888 बोतल में करीब 3,500 लीटर शराब बरामद
उत्पाद अधीक्षक के अनुसार छापेमारी में 391 पेटी में रखी 9,888 बोतलों से करीब 3,500 लीटर कथित नकली शराब बरामद की गई. इसके अलावा 39 गैलन में करीब 1,600 लीटर स्पिरिट और लगभग 2,000 लीटर तैयार रंगीन शराब मिली.
मौके से 40 लीटर कैरेमल के साथ बड़ी संख्या में विभिन्न ब्रांडों के लेबल, होलोग्राम, ढक्कन, एडहैसिव और खाली बोतलें भी बरामद की गईं. बोतलों को पैक और पंच करने के लिए इस्तेमाल की जा रही तीन मशीनें भी जब्त की गई हैं.
छापेमारी से पहले फरार हुए आरोपी
उत्पाद विभाग के अनुसार टीम के पहुंचने की भनक लगते ही कथित कारोबारी मौके से फरार हो गए. मामले में दिलीप यादव, अरुण कुमार तिवारी और मिथिलेश कुमार यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है.
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उत्पाद विभाग का कहना है कि त्योहारों को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान तेज किया गया है.
कार्रवाई में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अभिषेक आनंद, अनूप प्रकाश, उत्पाद आरक्षी, गृह रक्षक बल, महिला गृह रक्षक और वशिष्टनगर थाना पुलिस के जवान शामिल थे.

