
रामगढ़: जिले के मांडू थाना क्षेत्र के बलसगरा गांव में 11 डिसमिल जमीन विवाद को लेकर हुई सब- रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं.


एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, मानवीय सूचना और घटनास्थल के वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की.
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना ईंट का टुकड़ा और बांस का डंडा बरामद किया है. वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं.
पुलिस के अनुसार, 30 जून की सुबह 11 डिसमिल जमीन के पुराने विवाद को लेकर बालेश्वर पटेल पर हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.






