सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया. गोष्ठी में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे किसानों और किसान मित्रों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.


कृषि अधिकारियों ने किसानों को उड़द, मूंगफली, अरहर, मड़ुवा और मूंग की उन्नत खेती, बीज उपचार, बुआई की विधि, रोग-कीट नियंत्रण और बेहतर उत्पादन के उपाय बताए. अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाकर किसान कम लागत में उत्पादन और अपनी आय बढ़ा सकते हैं.

गोष्ठी में किसान समृद्धि योजना, मिट्टी जांच, किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई. किसानों को मिट्टी की जांच कराकर उसकी गुणवत्ता के अनुसार उर्वरकों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई.
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की अपील की. सांसद प्रतिनिधि मान सिंह मुंडा ने दलहन और तिलहन की खेती पर विशेष जोर दिया. वहीं एफआईएसी अध्यक्ष मंगल सिंह मुंडा ने किसानों को संगठित होकर खेती करने और कृषि विभाग के संपर्क में रहने की बात कही.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ल्यूमिनस हेंब्रम ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया. मौके पर बीटीएम राजेश कुमार, बीपीएम रमेश द्विवेदी, बीसीओ निर्मल लकड़ा सहित कृषि विभाग के कर्मी और किसान मित्र मौजूद रहे.
Edited By Indrakant

