सरायकेला/ Pramod Singh जिले में भीषण गर्मी और लू के बीच स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी का मामला सामने आया है. केंद्रीय विद्यालय सरायकेला में अब भी पुराने समय के अनुसार दोपहर 01:40 बजे तक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

राज्य सरकार के निर्देशानुसार केजी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक और कक्षा 9 से 12 तक सुबह 07:00 बजे से 12:00 बजे तक ही संचालित की जानी चाहिए. बावजूद इसके केंद्रीय विद्यालय में समय सारणी में बदलाव नहीं किया गया है.
भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच दोपहर तक स्कूल चलने से बच्चों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है. अभिभावकों का कहना है कि तेज धूप में लंबे समय तक स्कूल में रहने के कारण बच्चों को डिहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने की भी बात सामने आई है.
अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिले के अन्य सभी स्कूलों में सरकार के निर्देशों का पालन किया जा रहा है, लेकिन केंद्रीय विद्यालय में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है.
इधर, जिला प्रशासन की ओर से भी स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं. जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी स्कूलों में समय सारणी में बदलाव अनिवार्य है. इसके बावजूद कुछ स्कूलों में आदेश की अनदेखी की जा रही है, जो चिंता का विषय है. अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक बच्चों की सेहत से खिलवाड़ होता रहेगा और जिम्मेदार अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करेंगे.

