जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में सामने आई दो गंभीर घटनाओं ने कानून- व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. एक ओर दो नाबालिग बहनों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, वहीं दूसरी ओर एक किशोरी के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का सनसनीखेज आरोप लगा है.

पहले मामले में मिहिजाम निवासी कार्तिक कालकेतु ने अपनी दो नाबालिग बहनों के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की सुबह पूजा कालकेतु (16 वर्ष) और पिया कालकेतु (13 वर्ष) घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण की आशंका जताई गई है. पुलिस ने कांड संख्या 20/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच एसआई गुल्फाम सिंह को सौंपी गई है और इसे सुनियोजित घटना होने की आशंका से भी जोड़ा जा रहा है.
दूसरे मामले में एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, जामताड़ा थाना क्षेत्र के झगड़ागोड़ा निवासी युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ लगातार दुष्कर्म किया. पीड़िता की मां का दावा है कि उनकी बेटी अब करीब सात माह की गर्भवती है. जब परिवार ने आरोपी से शादी की बात की, तो उसने कथित तौर पर इनकार कर गर्भपात कराने की धमकी दी.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है. मिहिजाम थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से इलाके में भय और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है. वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस कार्रवाई के साथ- साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.

