जमशेदपुर/ Varun Kumar सोशल मीडिया के जरिए जनप्रतिनिधि की छवि खराब करने के आरोप में एक मामला सामने आया है. जनता दल (यूनाइटेड) युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने बिष्टुपुर साइबर थाना में आवेदन देकर मानगो स्थित सहारा सिटी निवासी गोपाल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 21 अप्रैल को गोपाल यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव आकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय पर भ्रष्टाचार से जुड़े निराधार और मनगढ़ंत आरोप लगाए. जदयू नेताओं के अनुसार, यह आरोप पूरी तरह झूठे, आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण हैं, जिनका उद्देश्य विधायक की सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करना है.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त वीडियो के माध्यम से आम जनता के बीच भ्रम फैलाने और क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की गई. पप्पू सिंह और नीरज सिंह ने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचना फैलाकर जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
जदयू नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं और आपसी सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं. उन्होंने साइबर थाना से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

