
सरायकेला: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को नगर भवन, सरायकेला में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की. जबकि पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी भी उपस्थित रहे.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आयोग की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें. परीक्षा केंद्रों पर विधि- व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश- निकास, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संकलन, सीलबंदी तथा स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा करने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए.

उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर पेयजल. शौचालय. पर्याप्त बेंच-डेस्क. प्रकाश व्यवस्था. पंखे और कार्यशील दीवार घड़ी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार या संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए और इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी जाए.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराएं. उन्होंने परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
बैठक में परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन. प्रश्नपत्र वितरण. उत्तरपुस्तिका संकलन. सीलबंदी. स्ट्रांग रूम में जमा करने की प्रक्रिया सहित स्टैटिक. सेक्टर. उड़नदस्ता एवं पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई. सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता. अनुशासन और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी. जिला आपूर्ति पदाधिकारी. जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.





