
खरसावां: खुंटपानी प्रखंड के गाडाराजाबासा गांव में झारखंड आंदोलनकारी एवं आजसू पार्टी के पूर्व केंद्रीय महासचिव स्व. दामु बानरा के निधन पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई मंगलवार को उनके आवास पहुंचे. उन्होंने दिवंगत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी.


विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि स्व. दामु बानरा झारखंड आंदोलन के समर्पित और संघर्षशील योद्धा थे. उन्होंने अलग झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. समाज और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी.

उन्होंने कहा कि स्व. बानरा के निधन से झारखंड आंदोलन की एक महत्वपूर्ण कड़ी टूट गई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है. उन्होंने सामाजिक. राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखर होकर अपनी बात रखी तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. आजसू पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा.
विधायक ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है. साथ ही मारांग बुरू से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
इस अवसर पर डिंबू तियू. रजनी बानरा. भगवान बानरा. जयसिंह बोदरा. ज्योति बोदरा. संतोष बानरा. अजय तियू. जोशन बानरा. चंदन होनहागा सहित सामाजिक संगठनों और पार्टी के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.





