सरायकेला: जिले के चांडिल स्थित गांगुडीह फुटबॉल मैदान में सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया. यह मेला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए.

रोजगार मेले में ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, टाटा मोटर्स, रेनोविजन एक्सपोर्ट्स, जमना ऑटो, पूर्णिमा नेत्रालय, नरसिंह इस्पात, कोल्हान माइंस एंड मिनरल्स सहित कुल 15 प्रतिष्ठित संस्थानों ने भाग लिया.
इन कंपनियों द्वारा कलेक्शन एंड क्रेडिट कंट्रोल, नर्स, मशीन ऑपरेटर, ओपीडी असिस्टेंट, फिटर, लैब असिस्टेंट, सुपरवाइजर, ट्रेनी, वेल्डर, फैब्रिकेटर, रोबोटिक्स, वीएमसी ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर और इलेक्ट्रीशियन जैसे विभिन्न पदों पर कुल 669 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया.
मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया, जिसमें से 171 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया. नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराना है.
उन्होंने कहा कि नियोजनालय द्वारा सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाती हैं और आगे भी नियमित रूप से ऐसे रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इन अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.

