सरायकेला: जिले में शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने “हातुरेन होरो (गांव का हीरो)” अभियान का विधिवत शुभारंभ किया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाना और ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ना है.

अभियान के तहत दो विद्यार्थियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया. ये विद्यार्थी अपने- अपने स्कूलों में अन्य बच्चों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे. उपायुक्त ने कहा कि यह पहल बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करेगी और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी.
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास ऐसे बच्चों की पहचान करें जो किसी कारणवश स्कूल नहीं जा रहे हैं. ऐसे बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं. प्रशासन का मानना है कि इस अभियान के जरिए गांव- गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा.

