चाईबासा: कोल्हान नितिर तुरतुंग (KNT) की वार्षिक आम बैठक गायत्री वैन्केट हॉल में सफलतापूर्वक आयोजित की गई. कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे पूरे माहौल में गरिमा और उत्साह का संचार हुआ.

बैठक में विभिन्न राज्यों और शहरों से आए संगठन के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और संगठन के विकास, उद्देश्य तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की. कार्यक्रम में पदाधिकारी, सदस्य, शिक्षक, छात्र और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.
पूर्व अध्यक्ष माझी राम जामुदा ने संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. वहीं पूर्व महासचिव प्रेम सिंह डांगिल ने संगठन के शुरुआती संघर्षों और योगदानकर्ताओं को याद करते हुए आभार व्यक्त किया. पूर्व अंतरिम कोषाध्यक्ष जय सिंह कुंटिया ने वित्तीय स्थिति और योगदान का विवरण प्रस्तुत किया.

इस दौरान तीनों प्रमुख केंद्रों की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई, जिसमें चक्रधरपुर, चाईबासा और कुचाई केंद्रों के प्रतिनिधियों ने अपने- अपने क्षेत्र के कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों को साझा किया.
बैठक के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया. जिसमें तुरी सुंडी को अध्यक्ष, विमल किशोर बोयपाई को सचिव और जय सिंह कुंटिया को कोषाध्यक्ष चुना गया. इसके अलावा संरक्षक, सलाहकार, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित विभिन्न पदों पर नए सदस्यों की नियुक्ति की गई.

कार्यक्रम का संचालन ज्ञान सिंह दोराईबुरु ने प्रभावशाली ढंग से किया. आयोजन को सफल बनाने में KNT चाईबासा के छात्र, शिक्षक और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
यह वार्षिक बैठक संगठन की एकता, सक्रियता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. बैठक में लिए गए निर्णय आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे.

