सरायकेला: खान एवं खनिज संसाधनों से जुड़े MMDR संसोधन विधेयक 2026 और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को चांडिल के भुईयाडीह स्थित पार्टी कार्यालय में हुई. जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 7 सितंबर को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया.


बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. नेताओं ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर यहां के लोगों का पहला अधिकार है. आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों में राज्य के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिसके खिलाफ झामुमो राज्यव्यापी आंदोलन कर रहा है.
जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और 7 सितंबर के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद यहां के लोगों को उनका समुचित अधिकार नहीं मिल रहा है.
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी. ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने आंदोलन में महिलाओं और युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. वहीं गणेश महाली ने प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया.
बैठक में संजय महतो, अनुप सिंह देव, मांगीलाल महतो, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, मुन्ना सोय, साधुचरण सोय, सानगी हेंब्रम, करम सिंह मुंडा, धनु मुखी, बबलू गोडसरा सहित जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

