चाईबासा: सोनुआ प्रखंड क्षेत्र में किसानों को कृषि योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ दिलाने के उद्देश्य से डिजिटल क्रॉप सर्वे की शुरुआत की जा रही है. इसे लेकर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों सहित विभिन्न स्तर के कर्मियों और स्वयंसेवकों को सर्वे की प्रक्रिया और उद्देश्य की जानकारी दी गई.


प्रशिक्षण के दौरान सहायक तकनीकी प्रबंधक एटीएम श्वेता रानी हांसदा और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक बीटीएम लखींद्र हेंब्रम ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सर्वेयर गांव-गांव जाकर प्रत्येक प्लॉट यानी खेत का भौतिक और डिजिटल सर्वेक्षण करेंगे. सर्वे के दौरान खेत में लगी फसल समेत आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसान, किसान मित्र, जेएसएलपीएस की दीदियां और प्रदान संस्था के कर्मी शामिल हुए. एटीएम श्वेता रानी हांसदा ने बताया कि प्रत्येक प्लॉट का सर्वे पूरा करने पर सर्वेयर को 10 रुपये का प्रोत्साहन शुल्क दिया जाएगा.
डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से तैयार होने वाले सटीक फसल डेटाबेस से किसानों को विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा फसल बीमा, प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान पर मुआवजा और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने में भी यह डेटा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
रिपोर्ट. जयंत प्रमाणिक

