सरायकेला: थाना क्षेत्र के विष्णुपादुका गांव में गुरुवार की शाम पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि 65 वर्षीय पति प्रधान सामद ने लाठी से वार कर अपनी 60 वर्षीय पत्नी जुरजुरी सामद की हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई.


जानकारी के अनुसार जुरजुरी सामद अपने पति प्रधान सामद के साथ घर में थी. दंपती के तीनों बेटे खेत में काम करने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोप है कि प्रधान सामद ने लाठी से पत्नी पर हमला कर दिया. लाठी के वार से जुरजुरी सामद गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई.
घटना का पता उस समय चला, जब मृतका के तीनों बेटे शाम करीब 6.30 बजे खेत से काम कर घर लौटे. घर पहुंचने पर उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति प्रधान सामद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
फिलहाल पति-पत्नी के बीच विवाद का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटना के दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है.
घटना के बाद विष्णुपादुका गांव में मातम का माहौल है. पुलिस द्वारा शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

