जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की सोना और नकदी लूट के तार चतरा से जुड़ने की सूचना सामने आई है. सूत्रों के अनुसार चतरा पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. इनमें से दो संदिग्धों के लूटकांड के कथित मुख्य आरोपी के लगातार संपर्क में रहने की बात कही जा रही है.


सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए संदिग्धों से चतरा पुलिस ने पूछताछ की है. इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद संदिग्धों को आगे की पूछताछ और जांच के लिए जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की भी सूचना है. हालांकि इस संबंध में अब तक चतरा या जमशेदपुर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
चतरा पुलिस के वरीय अधिकारी भी ऐसी किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं. ऐसे में चार संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने और उन्हें जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की सूचना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी.
रेनकोट पहनकर पहुंचे थे पांच हथियारबंद अपराधी
जमशेदपुर के व्यस्त गोलमुरी चौक के समीप स्थित केनरा बैंक में गुरुवार की सुबह पांच हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था. बताया गया कि मूसलाधार बारिश के बीच रेनकोट पहनकर बैंक पहुंचे अपराधियों ने कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था.
अपराधियों ने महज 24 मिनट के भीतर बैंक के आयरन चेस्ट और सेफ में रखे करीब 600 पैकेट से लगभग 23 किलोग्राम सोना और करीब 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे. लूटे गए सोने की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
20 अधिकारियों की एसआईटी कर रही जांच
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दो मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे. घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने व नकदी की बरामदगी के लिए 20 अधिकारियों की विशेष जांच टीम गठित की है. इसके साथ ही विभिन्न जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों के संभावित ठिकानों तथा संपर्कों की जांच की जा रही है.
इसी बीच चतरा में चार संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की सूचना ने जांच को नया मोड़ दिया है. यदि पुलिस जांच में इन संदिग्धों का गोलमुरी बैंक लूटकांड से संबंध स्थापित होता है, तो गिरोह के नेटवर्क और लूटे गए सोने तथा नकदी तक पहुंचने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. फिलहाल पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

