
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक व अभिनेता गुंजन सिंह ने सोमवार को आर्म्स एक्ट के एक मामले में सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण किया. दोनों के अदालत पहुंचते ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई.


जानकारी के अनुसार. 2 और 3 मई को मीरगंज थाना में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. अदालत के निर्देश के बाद दोनों स्वयं कोर्ट पहुंचे और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सरेंडर किया.
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह को जमानत दे दी. जमानत मिलने के बाद दोनों को तत्काल राहत मिल गई.
कोर्ट से बाहर निकलने के बाद विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है. उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि अदालत से उन्हें न्याय मिला है.
सरेंडर और जमानत की इस कार्रवाई के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही. फिलहाल मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी.





