सरायकेला: HIV की रोकथाम, पहचान और उपचार की दिशा में सरायकेला- खरसावां जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. जिला प्रशासन के अनुसार जिले ने HIV से संबंधित 95-95-95 के तीनों निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त कर लिया है. प्रशासन ने इसका श्रेय स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यक्रम टीम और सामुदायिक सहयोगियों के संयुक्त प्रयास को दिया है.


उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि तीनों लक्ष्यों की प्राप्ति जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यह जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पूरी स्वास्थ्य टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है. अब इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ HIV से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करना प्राथमिकता होगी.
क्या है HIV का 95-95-95 लक्ष्य
95-95-95 के तहत पहला लक्ष्य HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों में अधिकतम लोगों की पहचान और जांच सुनिश्चित करना है. दूसरा लक्ष्य पहचान किए गए लोगों को समय पर उपचार से जोड़कर ART यानी Antiretroviral Therapy उपलब्ध कराना है. तीसरा लक्ष्य उपचार ले रहे लोगों में Viral Load को नियंत्रित करते हुए Viral Suppression हासिल करना है.
जिला प्रशासन के अनुसार पहले लक्ष्य के लिए समुदाय स्तर पर HIV सेवाओं की पहुंच बढ़ाई गई. Targeted Intervention के तहत Outreach Activities, Community-Based Surveillance और Testing Camps के माध्यम से जांच बढ़ाने एवं जरूरतमंद लोगों की पहचान पर काम किया गया.
इलाज से जोड़ने के साथ नियमित फॉलोअप
दूसरे लक्ष्य के तहत HIV की पहचान होने वाले लोगों को समय पर उपचार से जोड़ने और इलाज लगातार जारी रखने पर जोर दिया गया. मेडिकल ऑफिसर, काउंसलर और स्वास्थ्य टीम ने नियमित फॉलोअप एवं काउंसलिंग के माध्यम से मरीजों को ART जारी रखने के लिए प्रेरित किया.
तीसरे लक्ष्य के लिए समयबद्ध Viral Load Testing और नियमित Monitoring की गई. मरीजों को उपचार नियमित रखने के लिए काउंसलिंग एवं फॉलोअप उपलब्ध कराया गया, जिससे Viral Suppression हासिल करने में मदद मिली.
DC बोले- लक्ष्य हासिल हुआ, अब इसे बनाए रखने की चुनौती
उपायुक्त ने कहा कि बेहतर समन्वय, लगातार निगरानी और टीम के सामूहिक प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्यकर्मियों, कार्यक्रम टीम और सामुदायिक सहयोगियों को बधाई देते हुए HIV की रोकथाम, जांच, उपचार और फॉलोअप की व्यवस्था को लगातार मजबूत करने का निर्देश दिया.
जिला प्रशासन ने कहा है कि 95-95-95 के लक्ष्यों की उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता और जांच से लेकर उपचार तथा Viral Load Monitoring तक की प्रक्रिया आगे भी जारी रखी जाएगी.

