सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र में शराब दुकान पर पिस्टल लहराकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सावैया ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 अप्रैल को आदित्यपुर निवासी निशांत झा ने गम्हारिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को छोटा गम्हारिया स्थित केपीएस रोड पर सरकारी शराब दुकान में अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर रंगदारी की मांग की और शराब लेकर फरार हो गए थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक बारी उर्फ गुल्लु (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है. इस कार्रवाई में गम्हारिया थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश जारी है.
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

