जामताड़ा: जिलेभर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व धार्मिक उत्साह, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया. त्याग और समर्पण के प्रतीक इस पर्व पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईदगाहों एवं मस्जिदों में पहुंचकर अकीदत के साथ नमाज अदा की तथा देश-दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी.

जामताड़ा शहर के न्यू टाउन स्थित ईदगाह, पाकडीह, सरखेलडीह, मियांडीह, बुधुडीह, नाड़ाडीह, बेवा, धनबाद, चिरूनबांध, शहरपुरा, मोहड़ा और पोसोई समेत जिले के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों में पहुंचे और पूरी श्रद्धा व आस्था के साथ बकरीद की नमाज अदा की. पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया.
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं और विभिन्न प्रकार के पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया. घर-घर में सेवइयां, मिठाइयां और अन्य व्यंजन बनाए गए. सभी समुदायों के लोगों ने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी, जिससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली.

पाकडीह एवं सरखेलडीह ईदगाह में नमाज के दौरान इमाम मौलाना अख्तर रजा ने कहा कि ईद-उल-अजहा बलिदान, त्याग और संयम का पर्व है. इस्लामी कैलेंडर के अंतिम माह जिलहिज्जा की दसवीं तारीख को यह पर्व मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि कुर्बानी आत्मा को शुद्ध करने का एक उत्तम माध्यम है और इसमें दिखावे की भावना नहीं होनी चाहिए. इस्लाम धर्म इंसानियत, शांति और भाईचारे का संदेश देता है तथा लोगों को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मिलजुलकर रहना चाहिए.
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया. जिले के सभी प्रमुख ईदगाहों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह ने स्वयं शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान वे न्यू टाउन स्थित ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा कर रहे लोगों से मिलकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की.
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. लोगों ने कहा कि ईद-उल-अजहा एकता, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



