सरायकेला:ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोल्हान प्रमंडल संयोजक फूलकांत झा के नेतृत्व में राशन दुकानदारों की वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया. इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम पत्र भेजकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई.


एसोसिएशन ने कहा कि एनएफएसए का कमीशन पिछले 13 महीनों से लंबित है. वहीं, कोरोना काल से ही जिले के सैकड़ों राशन दुकानदारों का कमीशन जिला आपूर्ति कार्यालय में बकाया बताया जा रहा है. लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण राशन दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है.
एसोसिएशन के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों से ई-पॉस मशीन के माध्यम से राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित है. ई-पॉस सेवा सुचारू नहीं होने के कारण दुकानदारों को राशन वितरण में परेशानी हो रही है और इसका सीधा असर लाभुकों पर पड़ रहा है. संगठन ने विभाग से ई-पॉस व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर निर्बाध राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है.
फूलकांत झा ने कहा कि जब पूरी व्यवस्था डिजिटल हो चुकी है और ई-पॉस मशीन के माध्यम से स्टॉक तथा बिक्री का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहता है, तो स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर रखने की अतिरिक्त बाध्यता का कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने विभाग से इन अतिरिक्त रजिस्टरों की बाध्यता समाप्त करने की मांग की.
एसोसिएशन ने राशन लाभुकों से संबंधित जाति प्रमाण पत्र की सूचीबद्धता को लेकर भी आपत्ति जताई है. संगठन का कहना है कि इस प्रक्रिया से लाभुकों में असंतोष बढ़ रहा है. एसोसिएशन ने सरकार से इस प्रक्रिया को वापस लेने की मांग की है.
इसके अलावा खरसावां के मृत राशन दुकानदार कर्म सिंह बोदरा के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई. एसोसिएशन ने एनआईसी ई-पॉस मशीन में झारखंड सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली दाल, नमक और कपड़ा जैसी सामग्री को एक ही रसीद में सूचीबद्ध करने की मांग भी रखी. संगठन का कहना है कि इससे लाभुकों को एक ही रसीद पर सभी सामग्री मिलने में सुविधा होगी और वितरण व्यवस्था भी सरल होगी.
एसोसिएशन ने ग्रीन राशन कार्ड में नमक और दाल के क्लोजिंग बैलेंस की व्यवस्था समाप्त करने, मृत राशन दुकानदारों के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति करने तथा रिक्त स्थानों पर नए राशन दुकानदारों की बहाली की मांग भी की है.
जिला अध्यक्ष फूलकांत झा ने कहा कि राशन दुकानदार सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं. दुकानदार महीनों और वर्षों से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन 13-13 महीने तक कमीशन का भुगतान नहीं होने से उनके सामने दुकान और परिवार का खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है. सरकार को राशन दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से समझना होगा.
उन्होंने कहा कि दुकानदार सरकार से कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपना जायज हक मांग रहे हैं. कमीशन का समय पर भुगतान, ई-पॉस व्यवस्था को सुचारू करना और दुकानदारों पर अनावश्यक कागजी बोझ खत्म करना उनकी प्रमुख मांगें हैं. उन्होंने सरकार से दुकानदारों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेने की अपील की.
फूलकांत झा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर राशन दुकानदारों की लंबित समस्याओं का समाधान कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तय करेगा. धरने में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता, मनबोध शर्मा, अशोक गुप्ता, दिनेश राठौर, सागरचंद्र दास, ईश्वरचंद्र महतो, बिनोद राम, मदन माझी, कल्याण सिंह सरदार, आजाद रजक, सीता पूर्ति सहित पीडीएस दुकानदार एवं SHG समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं. ज्ञापन की प्रतिलिपि खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी भेजी गई.
प्रमोद सिंह (संपादक)

