सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सरायकेला- खरसावां जिले के सभी 1,132 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप के माध्यम से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.


जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, दर्ज विवरण में सुधार कराने अथवा सुनवाई संबंधी प्रक्रिया में सहायता के लिए नागरिक संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं.
जिले में निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए 30 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और तीन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) कार्यरत हैं. मतदाता आवश्यक जानकारी और सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क कर सकते हैं.
इसके अलावा ECINET ऐप में उपलब्ध Book a Call with BLO विकल्प के माध्यम से संबंधित बीएलओ से संपर्क करने की सुविधा दी गई है.
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम नहीं होने अथवा विवरण में त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अपील की है.

