
जमशेदपुर: शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शनिवार देर रात ओलीडीह थाना क्षेत्र के मानगो- डिमना रोड बाजार में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया. बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में करीब 10 से 12 दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लिया. रविवार सुबह घटना का खुलासा होते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया.


जानकारी के अनुसार. चोरों ने किराना, मेडिकल, हार्डवेयर और अन्य दुकानों को निशाना बनाया. चोरी की चपेट में आने वाले प्रतिष्ठानों में श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई अन्य दुकानें शामिल हैं. कई दुकानों के ताले तोड़े गए, जबकि कुछ में चोरी का प्रयास भी किया गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार. बदमाश गल्ले में रखी नकदी, जरूरी सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए. नुकसान का आकलन अभी दुकानदार कर रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है. उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है. व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





