
सरायकेला: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा गुरुवार को सरायकेला प्रखंड के पंचायत भवन, पाण्ड्रा में लर्नर लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी- सह- अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया गया.


शिविर में छोटा दावना, मुड़कुम, नुवागांव, पठानमारा, गोविंदपुर, पाण्ड्रा एवं ईटाकुदर पंचायत के पूर्व से ऑनलाइन स्लॉट बुक करा चुके आवेदकों की लर्नर लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पूरी कराई गई. इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा लर्नर लाइसेंस परीक्षा का आयोजन किया गया.
शिविर के लिए कुल 105 अभ्यर्थियों ने स्लॉट बुक कराया था. इनमें 60 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल हुए, 20 अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को ऑनलाइन माध्यम से लर्नर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, स्लॉट बुकिंग, शुल्क भुगतान तथा परिवहन विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई. साथ ही सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया गया.
जिला परिवहन पदाधिकारी- सह- अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने आम नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लर्नर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन और स्लॉट बुकिंग कर सेवाओं का लाभ लें. उन्होंने वाहन चालकों से वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने का आग्रह किया.
Edited By Sarita Mahato





