
सरायकेला: उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र के जनबानी गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की.


आसूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने जनबानी गांव में छापेमारी कर एक अवैध चुलाई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान मौके से 800 किलोग्राम जावा महुआ तथा 30 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद कर जब्त की गई.
उत्पाद विभाग ने बरामद अवैध सामग्री को विधिसम्मत रूप से जब्त कर लिया है. मामले में अवैध चुलाई अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल उत्पाद विभाग या प्रशासन को दें, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.
Edited By Sarita Mahato





