
सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत 50-ईचागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी BLA-1 एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO)-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल नितिन शिवम गुप्ता ने की.


बैठक में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही SIR-2026 अभियान की प्रक्रिया, उद्देश्य और महत्व की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए.
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने सभी BLA-1 एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के पात्र मतदाताओं को सही एवं पूर्ण रूप से गणना प्रपत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित BLO को उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे.
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने तथा अभियान के प्रत्येक चरण में समन्वय, पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया.
बैठक में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचन शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी, सभी BLA-1 तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





