सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बुधवार को आयोजित “दिशा” की बैठक में जनहित से जुड़े कई अहम मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए स्पष्ट सुझाव दिए.

स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को जिले के सभी अस्पतालों में पूरी तरह लागू करने की मांग की, ताकि हर जरूरतमंद को बेहतर इलाज मिल सके. इसके अलावा ब्लड बैंक में सूचना डिस्प्ले बोर्ड लगाने, 108 एंबुलेंस सेवा को दुरुस्त करने और सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर डॉक्टरों के लिए अलग चैंबर बनाने पर जोर दिया.

शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान के तहत नगर पंचायत के 13 स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा. साथ ही स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, चारदीवारी निर्माण और जर्जर भवनों को चिन्हित कर ध्वस्त करने की आवश्यकता बताई.
महिला एवं बाल कल्याण को लेकर उन्होंने दो आंगनबाड़ी केंद्रों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया. साथ ही वन स्टॉप सखी केंद्र और चाइल्ड हेल्पलाइन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके.
सड़क व्यवस्था को लेकर उन्होंने चौका से चाईबासा मार्ग और सरायकेला से राजनगर सड़क की मरम्मत की मांग उठाई. इसके अलावा बिरसा चौक के गड्ढों को भरने पर भी बल दिया, जिससे आवागमन सुगम हो सके.
खेल क्षेत्र में उन्होंने बिरसा मुंडा स्टेडियम को खेल विभाग को हस्तांतरित करने और हाई मास्ट लाइट के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही.
बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं और इन पर जल्द कार्रवाई बेहद जरूरी है.

