जामताड़ा/ Manish Baranwal पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी मिहिजाम थाना क्षेत्र के हांसीपहाड़ी स्थित पहाड़ी शिव मंदिर के पास की गई. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला.

पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल राज (उम्र करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से मैगजीन लगा एक अवैध देसी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जा रहा है कि आरोपी की उसी दिन कोर्ट में पेशी भी निर्धारित थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पहाड़ी शिव मंदिर के पास अपनी प्रेमिका से मिलने का इंतजार कर रहा था. वहीं उसके सोशल मीडिया स्टेटस में आपत्तिजनक और आपराधिक सोच को दर्शाने वाली बातें भी सामने आई हैं. इस पूरे मामले की जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से दी गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है.

