सरायकेला: दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को लेकर आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति ने जिला प्रशासन से व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने की मांग की है. समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा. इसमें यातायात व्यवस्था, पार्किंग, साफ- सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई है.


पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं. क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है, लेकिन कई आवश्यक व्यवस्थाएं अभी पूरी नहीं हो सकी हैं. उन्होंने कहा कि थाना से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं. अब इन बैठकों में लिए गए निर्णयों को समय रहते लागू करना जरूरी है.
पंडालों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई की मांग
समिति ने आदित्यपुर नगर निगम से पूजा शुरू होने से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने, पंडालों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कराने और पूजा के दौरान प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं, जेआरडीसीएल और जियाडा प्रशासन से टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की खराब स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्ट लाइट को तत्काल दुरुस्त कराने का आग्रह किया गया है. बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पूर्व की तरह जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की गई है.
ट्रैफिक जाम रोकने के लिए पार्किंग और दुकानों की जगह हो निर्धारित
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आदित्यपुर-गम्हरिया के प्रमुख पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था होनी चाहिए. भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने पंडालों के आसपास वाहनों की पार्किंग और अस्थायी दुकानों के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित करने की मांग की, ताकि मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
खरकई पुल के पास वॉच टावर, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की मांग
समिति ने खरकई पुल के समीप एमपी टावर के पास वॉच टावर बनाने तथा वहां मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती की मांग की है. इसके अलावा आदित्यपुर और गम्हरिया के स्वास्थ्य केंद्रों में चौबीसों घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है. विसर्जन घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और प्रतिमा विसर्जन के लिए हाइड्रा की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है. भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों के आसपास दमकल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.
रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की अपील
पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर, गम्हरिया और आरआईटी थाना क्षेत्रों में पूजा के दौरान रात्रि पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ घरों और दुकानों की सुरक्षा भी जरूरी है, ताकि पूजा के दौरान चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके. समिति की ओर से उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन देने के साथ पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने सभी मांगों पर पूजा शुरू होने से पहले कार्रवाई करने की अपील की. प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावा सोनू पासवान भी शामिल थे.

