जामताड़ा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन पर जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया की पत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. शुक्रवार को चमेली देवी रामगढ़ जिले के नेमरा गांव पहुंचीं और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की. इस दौरान उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.


विष्णु भैया को पुत्रवत स्नेह देते थे गुरुजी और रूपी सोरेन
चमेली देवी ने भावुक होते हुए कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन का उनके दिवंगत पति विष्णु भैया के प्रति हमेशा पुत्रवत स्नेह रहा. दोनों परिवारों के बीच गहरा आत्मीय संबंध था. रूपी सोरेन से उन्हें भी मां जैसी ममता, स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा. ऐसे में उनका निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी गहरी क्षति है.
उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन केवल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झामुमो परिवार और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है.
माता-पिता का साया उठना जीवन का सबसे बड़ा दुख : चमेली देवी
चमेली देवी ने कहा कि करीब एक वर्ष के अंतराल में माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाना किसी भी व्यक्ति के जीवन की अत्यंत पीड़ादायक परिस्थिति होती है. मां की ममता, उनका आशीर्वाद और उनका स्थान कोई दूसरा नहीं ले सकता. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिस व्यक्तिगत दुख से गुजर रहे हैं, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है.
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में झामुमो परिवार और राज्य की जनता मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों के साथ खड़ी है. सभी का स्नेह और समर्थन शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करेगा.
चमेली देवी ने ईश्वर से दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

