आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला को जमशेदपुर से जोड़ने वाले पुराने खरकाई पुल के क्षतिग्रस्त पथवे को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं.

उपायुक्त ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की जानकारी मिलने के बाद सड़क निर्माण विभाग (RCD) को तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके. उन्होंने आमजनों से भी अपील की है कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक सावधानी बरतें और पुल से गुजरते समय सतर्क रहें.
गौरतलब है कि आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-17 की पार्षद नीतू शर्मा ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया था. उनके प्रयास के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया. उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही पुल को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया जाएगा.

