
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन जब्त किया गया तथा वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, वाहन मालिक एवं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.


ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेवाला ने गुरुवार को बताया कि 8 जुलाई की मध्य रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक वाहन से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा- मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया.
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (JH05BN2155) को रोककर तलाशी ली गई. वाहन से 25 कार्टन में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद की गई. पुलिस ने मौके पर ही पूरी खेप और वाहन को जब्त कर लिया.
पूछताछ में गिरफ्तार वाहन चालक जानूम सिंह सुंडी (25 वर्ष) तथा खलासी सोमा पूर्ति (30 वर्ष) ने बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया निवासी बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी. जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा का ही है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी एवं वाहन मालिक बुधराम बेसरा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
इस संबंध में मुसाबनी थाना कांड संख्या-23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274/275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 47(A) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है. पूरे सिंडिकेट का पता लगाने के लिए जांच जारी है और संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita





