जामताड़ा: जिले के करमाटाड़ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में गुरुवार देर शाम एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत उस पर सवार तीन युवक घायल हो गए. दुर्घटना के बाद तीनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिन्हें मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.


घटना के बाद घायलों को तत्काल स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाने की व्यवस्था की गई. बताया गया कि साधन गोराई के टोटो की मदद से तीनों घायलों को कलाझरिया तक पहुंचाया गया. वहां मौजूद ग्रामीणों ने 108 पर फोन कर एंबुलेंस को सूचना दी. इसके बाद एंबुलेंस से सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार, घायलों में व्यास महतो, निवासी ताराबहाल, की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. वहीं, एक अन्य युवक के हाथ में चोट लगने के कारण फ्रैक्चर होने की बात सामने आयी है, जबकि तीसरा युवक भी घायल हुआ है. ट्रैक्टर चालक की हालत भी अपेक्षाकृत अधिक गंभीर बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर अमित राय, निवासी गबड़ा, का बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित लोगों ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी जानकारी दी है. घायलों को आवश्यक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

