
सरायकेला: हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद जिले की कानून- व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से मुलाकात की. कांग्रेस नेता सुरेशधारी और समरेंद्र तिवारी ने एसपी से आदित्यपुर क्षेत्र में विशेष चौकसी बढ़ाने, संगठित आपराधिक गिरोहों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध कारोबार और ब्राउन शुगर तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की.


नेताओं ने जिले में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति अपनाने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा कि आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के लिए पुलिस की सक्रियता और सख्त कार्रवाई जरूरी है.
इस पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने भरोसा दिलाया कि जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की भी अपेक्षा जताई.
मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नवनियुक्त एसपी का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया तथा कानून- व्यवस्था मजबूत करने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
Edited By Sarita





