
सरायकेला: जिले के कुचाई प्रखंड मुख्यालय परिसर से शुक्रवार को किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, बीडीओ साधुचरण देवगम, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनूस हेंब्रम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे.


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न कृषि योजनाएं चला रही है. इन योजनाओं और नई कृषि तकनीकों की जानकारी गांव- गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है. किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी लिबनूस हेंब्रम ने बताया कि कृषि रथ अगले तीन दिनों तक प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों का भ्रमण करेगा. इस दौरान किसानों को उन्नत बीज, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. साथ ही किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, कृषि मित्र, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे. किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे उन्हें आधुनिक खेती की नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी.
Edited By Sarita





