
चाईबासा: झारखंड सरकार के परिवहन विभाग द्वारा संचालित “परिवहन कार्यालय आपके द्वार” महाअभियान के तहत शुक्रवार को सोनुआ प्रखंड के बालजोड़ी पंचायत में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रखंड और पंचायत स्तर पर ही परिवहन विभाग की सुविधाएं उपलब्ध कराना था.


शिविर में लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत कंप्यूटर आधारित लर्निंग टेस्ट आयोजित किया गया. परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया, जिससे लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिली.
हालांकि परिवहन विभाग की वेबसाइट पर पिछले दो दिनों से स्लॉट बुकिंग में तकनीकी समस्या के कारण पहले स्लॉट में अपेक्षाकृत कम भीड़ रही. बाद में स्लॉट बुकिंग शुरू होने के बाद दोपहर के दूसरे स्लॉट में बड़ी संख्या में लोग शिविर पहुंचे. कई ऐसे आवेदक भी पहुंचे, जिनकी स्लॉट बुकिंग तकनीकी कारणों से नहीं हो सकी थी.
शिविर में मोटरयान निरीक्षक कृष्णा सोरेन, नेल्सन तिर्की, कंप्यूटर ऑपरेटर सोमा तिग्गा, कुंदन कुमार और शनिचर सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. जिला परिवहन विभाग ने लोगों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर समय पर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





