सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.


समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ा जाए तथा स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने और पात्र बच्चों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया गया.
झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सत्यापन कार्य में आने वाली तकनीकी या अन्य समस्याओं की जानकारी तत्काल विभाग को भेजी जाए, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके.
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभुक सत्यापन और लंबित मामलों के निष्पादन में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए.
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

