सरायकेला: आस्था के महापर्व चैती छठ के अवसर पर जगन्नाथ मंदिर घाट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर विधि- विधान से पूजा- अर्चना की.

खरना के बाद से निर्जला उपवास कर रहे व्रतियों ने संध्या अर्ध्य से पूर्व लंबे समय तक जल में खड़े होकर भगवान सूर्य से परिवार और क्षेत्र की सुख- समृद्धि की कामना की. इस दौरान नदी घाट पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला.
इस मौके पर सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्रवासियों के मंगल की कामना की. उन्होंने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है और यह हमें प्रकृति के साथ जुड़ने की प्रेरणा देता है. इस दौरान बड़ी संख्या में छठ व्रती और उनके परिजन शामिल हुए. व्रतियों ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान सूर्य की आराधना की. इस आयोजन को सरायकेला नगर पंचायत और छठ व्रती परिवारों के सहयोग से संपन्न कराया गया.

