सरायकेला: केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की ओर से आगामी 28 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया. समिति के अध्यक्ष देवांग चंद्र मुखी एवं संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत तथा अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित अन्य अधिकारियों को निमंत्रण सौंपा.

गौरतलब है कि यह आयोजन आदित्यपुर फुटबॉल ग्राउंड में होगा, जहां हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न अखाड़ों का मिलन और खेल प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिससे यह आयोजन क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बना रहता है. समिति के अनुसार, अखाड़ों के पारंपरिक खेल प्रदर्शन और सांस्कृतिक गतिविधियां इस आयोजन की विशेष पहचान हैं.
केंद्रीय अखाड़ा समिति के महासचिव श्रीराम ठाकुर ने बताया कि सभी तैयारियां जोर- शोर से चल रही हैं. वहीं, 17 मार्च को आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में भी इस बड़े आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग उठाई गई थी.
अधिवक्ता ओम प्रकाश ने कार्यक्रम स्थल पर अस्थायी शौचालय, पेयजल, बैकअप जनरेटर, मेडिकल टीम और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था. इसके साथ ही शांति समिति के सदस्य जगदीश नारायण चौबे ने बिजली के जर्जर खंभों और लूज तारों को दुरुस्त करने की मांग की, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. बैठक में भगवान सिंह, रमण चौधरी, अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह, अधिवक्ता डीएन. ओझा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

