सरायकेला: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार सह जन शिकायत निवारण दिवस के मौके पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को प्रशासन से सीधे जोड़ना और उनकी समस्याओं का पारदर्शी व शीघ्र निवारण सुनिश्चित करना है. उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदक की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए.
इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कई मामले सामने आए. इनमें भूमि विवाद, निजी विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत नामांकन, जन्म प्रमाण पत्र निर्गमन, चांडिल अंचल में लंबित म्यूटेशन, ईचागढ़ और कपाली क्षेत्र में राशन डीलर लाइसेंस की संख्या बढ़ाने, चौकीदार संवर्ग की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने, चांडिल के स्वर्णरेखा डैम कॉलोनी घोड़ानेगी में पेयजल संकट, कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं को पूर्ण करने, नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर में शराब दुकान के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण, ग्राम कृष्णपुर (उपर दुगनी) में जर्जर सड़कों की मरम्मत, निजी स्कूलों द्वारा अवैध शुल्क वसूली की जांच, स्कूल वाहनों का सत्यापन, एलपीजी गैस की उपलब्धता, अंबेडकर आवास योजना का लाभ और राजनगर प्रखंड के गोलो कुटुग में खराब ट्रांसफार्मर बदलने जैसे मुद्दे शामिल थे.
प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को चिन्हित कर निर्धारित समय- सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार में आए आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

