
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र में 1 जून को रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के पास हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी से पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है.


पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. कार्रवाई के दौरान 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई. दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद किया गया.
पुलिस के मुताबिक, मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है.






