चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत शनिवार को छह महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक सविता महतो ने किया. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण किया.


इन छह सड़कों का निर्माण कुल 18.02 किलोमीटर की दूरी में कराया जाएगा. इसके लिए 11 करोड़ 86 लाख 69 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.
योजना के तहत तिरुलडीह चौड़ा पथ से सपारुम तक 2.8 किलोमीटर सड़क का निर्माण 198.719 लाख रुपये की लागत से होगा. वहीं चौड़ा कारगिल चौक से संपतडीह भाया मानकीडीह तक 3.5 किलोमीटर सड़क पर 201.289 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
इसी तरह कुकड़ू चौड़ा पथ से शोभा नदी तक 2.9 किलोमीटर सड़क का निर्माण 219.942 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा. लेटेमदा रेलवे लाइन से बांदावीर गांव तक 2.2 किलोमीटर सड़क के लिए 141.36 लाख रुपये, कुकड़ू से ईचाडीह तक 4.3 किलोमीटर सड़क के लिए 284.205 लाख रुपये तथा हेरेमुली से चानो तक 2.3 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 141.175 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
ग्रामीण सड़क संपर्क बेहतर करना प्राथमिकता: सविता महतो
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. इन सड़कों के निर्माण से कुकड़ू प्रखंड के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी. सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारकर ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है.
विधायक ने संबंधित संवेदक को सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा करने तथा निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कित्तीवास महतो, युधिष्ठिर मांझी, गुणाधर महतो, अरुण महतो, इंद्रजीत महतो, धीरज महतो, प्रमुख प्रतिमा वाला पातर, सूरजों महतो, आदि काफी झूलन कुम्हार, विभाग के एई अजय राम, जेई दिनेश महतो, संजय महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

