रांची: अमेरिका द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के फैसले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. झामुमो के केंद्रीय सदस्य डॉ. तनुज खत्री ने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा है कि ट्रंप का गुणगान करने वाले भाजपाई अब चुप क्यों हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही है भाजपा की विदेश नीति.

डॉ. खत्री ने कहा कि अमेरिका के इस फैसले से भारत के एक्सपोर्ट, टेक्सटाइल, आईटी, फार्मा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर सीधा असर पड़ेगा और लाखों नौकरियाँ खतरे में पड़ सकती हैं. लेकिन, मोदी सरकार और भाजपा नेता इस पर पूरी तरह चुप हैं.
उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विदेश नीति का मतलब केवल गले मिलना और बैंड बाजा बजवाना नहीं होता. जब अमेरिका ने भारत की अर्थव्यवस्था पर हमला किया है तो सरकार मूक दर्शक बनी हुई है. डॉ. तनुज खत्री ने 2020 के ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय ट्रंप को भारत का सबसे भरोसेमंद मित्र बताया गया था. अब वही ट्रंप और उनके समर्थक भारत की रीढ़ तोड़ रहे हैं और भाजपा सरकार घुटनों के बल खड़ी है. उन्होंने केंद्र से मांग की है कि इस आर्थिक हमले का ठोस जवाब दिया जाए और जनता को बताया जाए कि सरकार क्या रणनीति अपना रही है.

