रामगढ़: जिले के बरका सयाल अंतर्गत भुरकुंडा के सौंदा डी में ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर परियोजना कार्यालय के सामने सोमवार को एक दिवसीय धरना दिया. धरना के दौरान ग्रामीणों ने “पहले बसाओ, फिर उजाड़ो” का नारा लगाते हुए बिजली कटौती और मकान खाली करने के नोटिस का विरोध किया.

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 19 दिनों से कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सीसीएल प्रबंधन द्वारा आवास खाली कराने के लिए नोटिस बांटे जा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है.
पंचायत प्रतिनिधियों ने मांग की कि बिजली समस्या का जल्द समाधान किया जाए, बेदखली नोटिस पर रोक लगे और किसी भी कार्य से पहले ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए. धरना में पहुंचे स्थानीय विधायक रोशन लाल चौधरी ने ग्रामीणों का समर्थन करते हुए कहा कि प्रबंधन को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान निकालना चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे खनन कार्य को भी बाधित करने के लिए बाध्य होंगे.

