रामगढ़: आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में रामगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन भरोसा’ लगातार परिणाम दे रहा है. अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना एवं ओपी क्षेत्रों से गुम हुए 59 मोबाइल बरामद कर मंगलवार को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया. पुलिस के अनुसार पिछले दो माह में दो चरणों में कुल 184 गुम मोबाइल खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं.


पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को गुम मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा और CEIR पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता से रामगढ़ के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा सहित अन्य जिलों से कुल 59 मोबाइल बरामद किए.

अभियान में रामगढ़ थाना ने 9, रजरप्पा थाना ने 8, पतरातू थाना ने 6, मांडू थाना ने 5, गोला थाना ने 3, भुरकुंडा ओपी ने 8, बरकाकाना ओपी ने एक, बासल थाना ने 2, बरलंगा थाना ने 2, कुज्जू ओपी ने 10 और वेस्ट बोकारो ओपी ने 5 मोबाइल बरामद किए. इस तरह इस चरण में कुल 59 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए गए.
रामगढ़ पुलिस के मुताबिक ‘ऑपरेशन भरोसा’ के प्रथम चरण में 125 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए थे. दूसरे चरण के 59 मोबाइल को मिलाकर महज दो माह में यह आंकड़ा 184 तक पहुंच गया है. लगातार गुम मोबाइल तलाशकर वापस दिलाने की इस पहल से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की कड़ी मजबूत होती दिखाई दे रही है.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी भी दी. साथ ही CEIR पोर्टल के उपयोग और गुम मोबाइल को लेकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया.
अपना खोया मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के प्रयास की सराहना की और पुलिस के प्रति आभार जताया. रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की समस्याओं के समाधान और पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन भरोसा’ जैसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे.

